जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीए फाइनल की छात्रा की दोस्ती अपनी सहेली के भाई की शादी के दौरान रंजीत कुशवाहा निवासी पिपरिया से हुई थी। 6 अक्टूबर 2025 की रात आरोपी ने युवती को घर के समीप गौशाला में बुलाया और उससे अपने प्रेम का इजहार किया। इसके बाद रंजीत ने लगातार शादी करने का वादा किया और युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध स्थापित किए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। जब पीड़िता ने रंजीत को अपनी गर्भावस्था के बारे में बताया और उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। उसने न केवल विवाह करने से साफ इंकार कर दिया बल्कि युवती को गर्भपात कराने के लिए डराया और धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी के व्यवहार से तंग आकर पीड़िता ने खमरिया थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत कुशवाहा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 351(2) और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है। फिलहाल खमरिया थाना पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
