![]() |
जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन के पास वारदात
जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के ठीक सामने श्वेताम्बरी रेस्ट हाउस के पास बने रेलवे बंगले में चोरी की नीयत से घुसना एक युवक को भारी पड़ गया। रेलवे बंगला नंबर सी-पी/2 की ऊंची दीवार फांदकर अंदर कूदने की कोशिश के दौरान चोर संतुलन बिगड़ने से बुरी तरह घायल हो गया। गिरने की तेज आवाज सुनकर बंगले में मौजूद लोग सतर्क हो गए। पश्चिम मध्य रेलवे जोन कार्यालय में चीफ कामर्शियल इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ महिला रेल कर्मचारी पुष्पा द्विवेदी अपनी मां के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने देखा कि एक युवक झाड़ियों के बीच फंसा हुआ है और चोटिल होने के कारण भागने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस के हवाले किया गया आरोपी
पुष्पा द्विवेदी ने अन्य रेल कर्मचारियों की सहायता से घायल चोर को पकड़ लिया। इसके बाद तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी अभिरक्षा में लिया। महिला अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह लगभग 9:30 बजे की है जब वह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रही थीं। चोर की यह पूरी हरकत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है। सोमवार की सुबह भी लगभग 10:30 बजे एक अन्य दिव्यांग चोर बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर घुस आया था, लेकिन वह आहट मिलते ही वहां से भाग निकला था।
रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग
लगातार हो रही इन घुसपैठ की घटनाओं से रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों में भय का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि स्टेशन के पास हजारों लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे सुरक्षा का खतरा बना रहता है। वर्तमान में वहां आरपीएफ और जीआरपी तैनात है, लेकिन सर्कुलेटिंग एरिया में अपराध रोकने के लिए जिला पुलिस बल की चौकी खोलना अब समय की मांग बन गई है। रेल कर्मियों के अनुसार स्टेशन के बाहरी क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई का वास्तविक अधिकार जिला पुलिस के पास ही होता है।
