जबलपुर. मुंबई-वाराणसी महानगरी एक्सप्रेस में आज शनिवार 14 मार्च की रात मानिकपुर स्टेशन पर चलती गाड़ी से उतरते समय एक यात्री पटरी से नीचे जा गिरा, जैसे ही जबलपुर के ट्रेन मैनेजर अनिल तिवारी ने यह देखा तो तत्काल ही गाड़ी रुकवाकर घायल यात्री को पटरी से ऊपर किया और चिकित्सा व्यवस्था का प्रबंध कराया.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गाड़ी संख्या 22177 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई से चलकर वाराणसी जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस जब शनिवार की रात 8.30 बजे के लगभग मानिकपुर स्टेशन पहुंच रही थी, तभी एक यात्री चलती ट्रेन से उतरने लगा, जिसका पैर फिसला और वह प्लेटफार्म से नीचे पटरी पर जा गिरा, जैसे ही इस घटना की जानकारी पमरे के जबलपुर से तैनात ट्रेन मैनेजर अनिल तिवारी को लगी, उन्होंने तत्काल ट्रेन को रुकवाया और यात्री को बचाने के लिये भागे. कुछ लोगों के सहयोग से श्री तिवारी ने घायल यात्री को प्लेटफार्म पर उठाया और आरपीएफ को सूचित किया तथा समुचित उपचार के लिए आरपीएफ के सुपुर्द किया। तत्पश्चात ट्रेन को लेकर आगे के लिए रवाना हुए। उल्लेखनीय है कि अनिल तिवारी वेस्ट सेट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (WCREU) के वरिष्ठ सदस्य हैं. उनके इस कार्य की रेल यात्रियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है.
