जबलपुर: शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र मुकादम गंज में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां खड़े एक ऑटो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ऑटो धू-धू कर जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो सड़क किनारे खड़ा था, तभी अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। चंद मिनटों में ही ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि घटना के समय ऑटो में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
