khabar abhi tak

ये भी अजब सीन है,बहू बनी गुरु और सास बनी छात्रा



इस परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्रता का मापदंड 15 वर्ष या उससे अधिक आयु रखा गया था जिसमें वे सभी लोग शामिल हुए जिनके पास कोई वैध साक्षरता प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था


जबलपुर। जिले में शनिवार को नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत असाक्षरों की मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया गया। इस महाअभियान के तहत जिले भर के 1700 सामाजिक चेतना केंद्रों पर उल्लासपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न हुई। संकुल केंद्र बरगी नगर के अधीनस्थ 26 केंद्रों पर भी परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संकुल समन्वयक विपिन विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि इस मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए जबलपुर जिले को कुल 36000 परीक्षार्थियों का लक्ष्य प्रदान किया गया था जिसके विरुद्ध 33000 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इसमें जबलपुर ग्रामीण क्षेत्र के लिए 5000 परीक्षार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु इसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग भी की गई। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्रता का मापदंड 15 वर्ष या उससे अधिक आयु रखा गया था जिसमें वे सभी लोग शामिल हुए जिनके पास कोई वैध साक्षरता प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था।

​हजारों परीक्षार्थियों ने दिखाई साक्षरता की ललक


परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों पर मेले जैसा दृश्य दिखाई दिया जहाँ शिक्षा के प्रति लोगों का गहरा उत्साह नजर आया और केंद्रों पर परीक्षा देने की होड़ मची रही। इस आयोजन की सबसे रोचक विशेषता यह रही कि कई केंद्रों पर अक्षर साथी के रूप में कार्य कर रही बहुओं ने अपनी निरक्षर सास और अन्य रिश्तेदारों की परीक्षा ली। नगर 2 के एक परीक्षा केंद्र पर 67 वर्षीय संतोष कुमार ने परीक्षा देकर शिक्षा के प्रति अपनी अटूट ललक प्रदर्शित की। परीक्षा की शुरुआत गौरवपूर्ण ढंग से की गई जिसमें जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी अंजली सेलेट और जिला समन्वयक दीपक पटेल ने परीक्षार्थियों का तिलक वंदन किया और उन्हें माला पहनाकर प्रोत्साहित करते हुए परीक्षा आरंभ कराई। इसी क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में अमृता कोरी, वंदना गिद्रोनिया और दिव्या चौकसे ने सामाजिक चेतना केंद्रों पर आरती उतारकर और तिलक लगाकर विधिवत परीक्षा का शुभारंभ कराया।

कार्यक्रम में इनकी रही भागीदारी

​इस परीक्षा को संपन्न कराने में जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी अंजली सेलेट, जिला समन्वयक दीपक पटेल, विकासखंड समन्वयक अमृता कोरी, संकुल समन्वयक विपिन विश्वकर्मा, बैजनाथ यादव, सुनील मरकाम, गीता सोनी, शिखा सिंह, रीता खंडेलवाल सहित समस्त संकुल समन्वयक, जिले के समस्त विकास खंड के बीआरसीसी, समस्त अक्षर साथी, संकुल प्राचार्य, जिले के समस्त संस्था प्रधान व शिक्षक स्टाफ के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak