khabar abhi tak

मुर्गा पार्टी की जिद किसानों पर महंगी पड़ी, भड़की आग, लाखों की गेहूं की फसल जली

कटनी. एमपी के कटनी जिले के मझगवां गांव में सोमवार 30 मार्च की दोपहर को एक मुर्गा पार्टी की लापरवाही तीन किसानों पर भारी पड़ गई। बड़वारा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में करीब डेढ़ एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है।

पीडि़त किसान रामजी कुशवाहा, छंगा कुशवाहा और मनोज कुशवाहा ने पड़ोसी ओमप्रकाश तोमर और उसके साथियों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, रविवार रात ओमप्रकाश अपने दोस्तों के साथ खेत पर मुर्गा पार्टी कर रहा था। पार्टी के लिए जलाए गए चूल्हे की चिंगारी तेज हवा के साथ सूखे गेहूं के खेत में जा गिरी, जिससे सोमवार सुबह आग ने विकराल रूप ले लिया। किसानों का कहना है कि आरोपी अक्सर खेत पर ऐसी पार्टियां करते हैं और उन्हें पहले भी कई बार समझाया गया था, लेकिन उन्होंने लापरवाही जारी रखी। कटाई के इस सीजन में फसल बर्बाद होने से तीनों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

बड़वारा थाना पुलिस ने किसानों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के.के. पटेल का कहना है कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak