जबलपुर। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिन आज 31 मार्च को नगर निगम के राजस्व कार्यालयों में एक अलग ही रौनक देखने को मिली। अपने शहर के विकास में योगदान देने के संकल्प के साथ करदाता सुबह से ही बकाया करों की राशि जमा करने के लिए उत्साहित नजर आए। नगर निगम के खजाना में जबर्दस्त इजाफा हुई. यानी लक्ष्मी जमकर खुश रहीं. इस सकारात्मक माहौल के बीच राजस्व टीम का मनोबल बढ़ाने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार और अपर आयुक्त राजस्व अरविंद शाह स्वयं मैदान में उतरे।
संभागीय कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण
निगमायुक्त और अपर आयुक्त ने सुहागी, अधारताल सहित विभिन्न संभागीय कार्यालयों का विस्तृत दौरा किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने न केवल कार्यालयीन व्यवस्थाओं को देखा, बल्कि वहां उपस्थित करदाताओं से सीधे संवाद भी किया। बेहतर व्यवस्थाएं करदाताओं की सुविधा के लिए कार्यालयों में बैठने, पेयजल और अतिरिक्त काउंटरों की व्यवस्था की गई है, जिसकी नागरिकों ने सराहना की।
राजस्व टीम का किया उत्साहवर्धन
अधिकारियों ने फील्ड पर तैनात राजस्व अमले से बात कर उनका उत्साह बढ़ाया, ताकि वे बिना किसी तनाव के सुचारू रूप से कार्य कर सकें। नागरिकों से संवाद करदाताओं ने अधिकारियों को बताया कि वे शहर की स्वच्छता और विकास कार्यों से प्रभावित होकर समय पर टैक्स जमा करने आए हैं। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि यह देखना सुखद है कि शहर के नागरिक अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक हैं। करदाताओं का यही उत्साह जबलपुर को और अधिक सुंदर और सुविधायुक्त बनाने में हमारी मदद करता है। हमारी टीम भी आज पूरी मुस्तैदी के साथ उनकी सेवा में लगी है।
