जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने आज बरगी रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध वसूली के मामले में आरटीओ आरक्षक और उसके एक निजी सहयोगी को रंगे हाथ पकड़ा है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की गई इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले के तथ्यों के अनुसार प्रशांत दत्तात्रेय जाधव जो नवी मुंबई के खारघर के निवासी और वाहन मालिक हैं उनकी दस गाड़ियां बरगी मार्ग से उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में सामान लेकर आती जाती हैं। आज 25 मार्च को वाहन क्रमांक डीडी 01पी 09764 नागपुर- जबलपुर हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान बरगी के पास तैनात आरटीओ विभाग की आरक्षक श्वेता अहिरवार और उनके साथी निजी कर्मचारी मोहित साहू ने गाड़ी को बिना किसी परेशानी के निकालने के बदले में वाहन मालिक से 4500 रुपए की रिश्वत मांगी थी।वाहन मालिक और चालक जय सिंह यादव निवासी छतरपुर ने इस अवैध मांग की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही श्वेता अहिरवार के इशारे पर मोहित साहू ने रिश्वत की राशि स्वीकार की लोकायुक्त की टीम ने दोनों को दबोच लिया। टीम ने आरोपियों के पास से रिश्वत के रुपए बरामद कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
