बताया गया है कि नैनपुर-छिंदवाड़ा पैसेंजर ट्रेन के सिवनी से गुजरने के दौरान रेलवे फाटक का बैरियर बंद किया गया था। ट्रेन के निकलने के बाद जब बैरियर खोला जा रहा था। तभी गलत दिशा से आ रही एक ओवरलोड ऑटो अचानक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलवे गेट का बैरियर मुड़कर क्षतिग्रस्त हो गया। बैरियर क्षतिग्रस्त होने के कारण फाटक को पूरी तरह से नहीं खोला जा सका, जिससे मार्ग पर यातायात रुक गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को लगभग एक घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिन्होने रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर तत्काल बैरियर की मरम्मत का काम शुरू कराया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बैरियर को अस्थायी रूप से ठीक कर मार्ग को यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया, इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई। बताया गया है कि इन दिनों नागपुर-जबलपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते छिंदवाड़ा रोड रेलवे फाटक पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। इस कारण फाटक बंद होने पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है।