पुलिस को शिकायत देते हुए पीडि़त सुखदेव कोल ने बताया कि आरोपी दीपक परिहार, अभिषेक पटेल और लखन साहू अपने 7-8 साथियों के साथ गाडिय़ों से गांव पहुंचे। उन्होंने सुखदेव और गोरेलाल कोल के घरों में घुसकर पुरुषों और महिलाओं के साथ मारपीट की। इस दौरान एक गर्भवती महिला से धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। पीडि़त गोरेलाल कोल ने आरोप लगाया कि हमलावर उसे जबरन वाहन में बिठाकर अवैध उत्खनन स्थल पर ले गए। वहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई और अवैध खनन की शिकायत वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुरुम और बॉक्साइट के अवैध खनन की शिकायत वन विभाग से की थी। पुलिस ने पीडि़तों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी दीपक परिहार, अभिषेक पटेल और भाजयुमो ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लखन साहू व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। घटना के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अवैध खनन की शिकायत लीक होने के कारण माफियाओं ने इस हमले को अंजाम दिया।
कटनी। एमपी के कटनी स्थित कन्हवारा कुठला में देर रात अवैध खनन का विरोध करने पर तीन आदिवासी परिवारों पर हमला किया गया। रात करीब 2 बजे हुए इस हमले में एक गर्भवती महिला सहित कई लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने भाजयुमो ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सहित चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।
Tags
katni