जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर के आधारताल क्षेत्र में 26 मार्च गुरुवार की अलसुबह करीब साढ़े चार बजे फर्नीचर दुकानों और एक कारखाने में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, जहां आग तेजी से फैल चुकी थी।
बताया जाता है कि आग की शुरुआत एक फर्नीचर दुकान और उससे जुड़े कारखाने से हुई, जो आसपास की दुकानों तक फैल गई। साहू फर्नीचर और क्लासिक फर्नीचर समेत कई प्रतिष्ठान इसकी चपेट में आए।
7 दमकल और आठ टैंकर मौके पर पहुंचे
आग की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने 7 फायर ब्रिगेड और आठ पानी के टैंकर मौके पर भेजे। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग को काफी हद तक कंट्रोल किया।
एक दुकान में 10 लाख, अन्य में भारी नुकसान
मौके पर मौजूद एक दुकान संचालक ने करीब 10 लाख रुपए के फर्नीचर जलने का अनुमान बताया। अन्य प्रतिष्ठानों में भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। शुरुआती आकलन में क्लासिक फर्नीचर को अकेले करीब एक करोड़ रुपए तक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। दमकल विभाग के मुताबिक समय रहते टीम के पहुंचने से आग को अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सका। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
