नरसिंहपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर पुलिस ने फर्जी कागजों के जरिए 777 सिम कार्ड चालू करवाने वाले युवक को पकड़ा है। आरोपी रंजीत सिंह पटेल, जो ठेमी के बढ़ैयाखेड़ा का रहने वाला है।
इस मामले में सबसे गंभीर बात यह है कि रंजीत दूसरों के आधार कार्ड और आईडी का इस्तेमाल तो करता था, लेकिन जब सिम चालू करने के लिए फोटो (फेशियल ऑथेंटिकेशन) की जरूरत पड़ती थी, तो वह अपना ही चेहरा दिखाता था। सिस्टम को चकमा देकर उसने एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 777 सिम एक्टिवेट कर लिए।
साइबर अपराध की साजिश
पुलिस को शक है कि इन फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी और साइबर क्राइम के लिए किया जाना था। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी (419, 468, 471) और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि रंजीत ने ये सिम किन-किन लोगों को बेचे थे।
