
सतना. मध्य प्रदेश के सतना जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रीवा लोकायुक्त पुलिस ने एक माध्यमिक शिक्षक सह प्रभारी लेखापाल को 1200 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार 31 मार्च की दोपहर रामपुर बाघेलान क्षेत्र के सज्जनपुर संकुल केंद्र में की गई। आरोपी की पहचान महेंद्र पांडेय के रूप में हुई है। आरोपी का प्रतिमाह का वेतन 60 हजार रुपये से अधिक है, उसने लालच के चलते छोटी सी राशि के चलते अपनी नौकरी व प्रतिष्ठा दांव पर लगा दिया.
आरोपी महेंद्र पांडेय पर ग्राम बरहा प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक मनोज प्रताप सिंह से क्रमोन्नति संबंधी फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। शिक्षक मनोज प्रताप सिंह ने इस संबंध में लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी।
रंगे हांथों पकड़ा
शिकायत की सत्यता की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे लोकायुक्त टीम ने सज्जनपुर स्थित विद्यालय में दबिश दी। पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही आरोपी लेखापाल ने शिकायतकर्ता से 1200 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। लोकायुक्त टीम आरोपी लेखापाल को अपने साथ रीवा ले गई है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। इस ट्रैप टीम में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया और एस राम मरावी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।