जबलपुर। एमपी में तेजी से धर्मान्तरण बढ़ रहा है, मोहन यादव सरकार इस पर ध्यान दे, नही तो फिर भूल जाइए कि कभी प्रदेश में भगवाधारी सरकार बनेगी। उक्ताशय की बात फायर ब्रांड नेता टी राजा ने नौदराब्रिज पर आयोजित विशाल सभा को संबोधित करते हुए कही। टी राजा आज जबलपुर में आयोजित हिंदू सेवा परिषद की गदा यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे।
उन्होने आगे कहा कि आज जो यह गदा यात्रा निकाली जा रही है, उसका सिर्फ एक उद्देश्य है कि हम सभी को हनुमानजी जैसा बनना चाहिए। जैसे उन्होंने कल्चर शुरू किया था। घर में घुसकर मारने का आज जरूरत आन पड़ी है कि हम सबको मिलकर उसी राह पर चलना है। आने वाला समय युद्ध का होगा और हमें अपने ही देशए अपने ही प्रदेश में रह रहे लोगों से लडऩा होगा। अगर आज हमने युद्ध की तैयारी नहीं की तो आने वाले समय में हमारी पीढ़ी गुलाम हो जाएगी।
धर्मान्तरण कानून बनने के बाद भी तेजी से फैल रहा-
विधायक टी राजा ने कहा कि हमारे मध्यप्रदेश में धर्मांतरण को लेकर कानून बना हुआ है। अगर हमारे आदिवासी भाइयों, माताओं-बहनों का कोई धर्मांतरण करवाता है तो उसे सख्त से सख्त सजा दिलवाई जाएगी। इसका प्रावधान भी है लेकिन आज भी प्रदेश में अनेक हिंदुओं का धर्मांतरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब हिंदू समाज के लोगों ने मिलकर भगवा सरकार को जिताया है। हर हिंदू की रक्षा करने का सरकार ने संकल्प लिया है और कानून बनाया है, फिर भी अगर इसे नहीं रोक पा रहे हैं तो हमारे मुख्यमंत्री को इस पर विचार करना चाहिए कि क्या भगवाधारी सरकार मध्यप्रदेश में फिर जीत पाएगी।
मोहन यादव सरकार यूपी वाला पैटर्न अपनाए-
टी राजा ने प्रदेश में बढ़ रहे धर्मांतरण और लव जिहाद जैसे मामलों को लेकर सीएम मोहन यादव से आग्रह किया है कि आप उत्तर प्रदेश वाला पैटर्न अपनाएं। यूपी में अगर कोई हमारी बहन-बेटी को आंख उठाकर भी देखता है तो सख्त कार्रवाई होती है। वहां कार्यकर्ताओं को भी छूट दी जाती है। आज हम सबको मिलकर मोहन भैया से निवेदन करना है कि हर बहन-बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
ममता बनर्जी की बड़ी हार होने वाली-
टी राजा ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गई हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने 77 सीटें जीती थीं और इस बार ममता की बड़ी हार होने वाली है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भी भगवा लहराएगा। एसआईआर को लेकर टी राजा ने कहा कि इसका मतलब यह है कि जिसका वोट है वही रहेगा।