khabar abhi tak

सतना से पहली बार पन्ना के बॉर्डर पहुंची ट्रेन, नागौद से फुलवारी के बीच 120 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ी CRS स्पेशल

 

सतना बहुप्रतीक्षित ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के सतना-पन्ना रेलखंड पर आज पहली बार पन्ना बॉर्डर तक ट्रेन पहुंची। नागौद से फुलवारी के बीच 15 किलोमीटर के रेल सेक्शन में CRS स्पेशल ट्रेन ने 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया।
                                    मुंबई के रेल संरक्षा आयुक्त गुरु प्रकाश ने अपनी टीम के साथ सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक गहन निरीक्षण किया। उन्होंने नागौद स्टेशन के रिले रूम, रेलवे ट्रैक, क्रॉसिंग पॉइंट, ब्रिज संरचना, गार्डर, बैलास्ट, स्लीपर, पटरियों के जोड़, रेलवे फाटक और स्टेशन यार्ड की बारीकी से जांच की। साथ ही रेलवे सिग्नलिंग सिस्टम और पुलियों की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान CRS गुरु प्रकाश के साथ DRM कमल कुमार तलरेजा, कंस्ट्रक्शन विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जोन सिंह मीना, डीईएन मंटू सिंह, एडीई रशीद अहमद, एरिया मैनेजर नरेंद्र सिंह और असिस्टेंट कमांडेंट बीपी कुशवाहा सहित मंडल व जोन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बताया गया है कि फुलवारी से पन्ना के बीच 27 किलोमीटर के दो सेक्शन का कार्य शेष है, जो प्रगति पर है। रेल अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष के अंत तक यह कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है।

45 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका-

यह स्पीड ट्रायल सफल रहा, इसके बाद जल्द ही इस सेक्शन में ट्रेनों के परिचालन को हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। सतना-पन्ना रेलखंड में कुल 72 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य होना है। जिसमें से 45 किलोमीटर का कार्य अब तक पूरा हो चुका है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak