जबलपुर। संस्कारधानी में आगामी 22 फरवरी को स्वास्थ्य, अनुशासन और आपसी भाईचारे का संदेश देने के लिए 'श्री सत्य साई रन एंड राइड – 2026' (संडे ऑन साइकिल) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। भगवान श्री सत्य साई बाबा की शिक्षाओं से प्रेरित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना है। यह आयोजन शिवाजी स्टेडियम, सदर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहर के युवा और नागरिक बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे।
तीन श्रेणियों में होगी दौड़ और साइकिलिंग
समिति संयोजक शैलेश सक्सेना ने बताया कि इस आयोजन के तहत प्रतिभागियों के लिए तीन अलग-अलग दूरियां तय की गई हैं। अपनी शारीरिक क्षमता और रुचि के अनुसार प्रतिभागी 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर या 10 किलोमीटर की मैराथन अथवा साइकिल यात्रा में भाग ले सकते हैं। आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में 15 वर्ष या उससे अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति हिस्सा ले सकता है। शिवाजी स्टेडियम से शुरू होने वाला यह सफर प्रतिभागियों को अनुशासन और सामूहिक ऊर्जा से जोड़ते हुए स्वास्थ्य के प्रति एक नया दृष्टिकोण प्रदान करेगा।
18 फरवरी पंजीकरण की अंतिम तारीख
इवेंट में शामिल होने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को आयोजन समिति की ओर से विशेष टी-शर्ट, फिनिशर मेडल और ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। साथ ही, आयोजन के समापन पर सभी के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई है। इच्छुक नागरिक 18 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 22 फरवरी (रविवार) को सुबह 5:30 बजे से होगी, जिसमें फिटनेस प्रेमियों का जोश और एकता की भावना देखने को मिलेगी।
