वकील की हत्या के आरोपी शूटर का शार्ट एकाउंटर, फिरौती लेकर मारी थी गोली, 3 गिरफ्तार

शिवपुरी। एमपी के शिवपुरी स्थित करैरा चिरली तिराहा में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की गोली मारकर हत्या करने वाले 3 शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान सुबह-सुबह एक शूटर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। शूटर ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शूटर के पैर में 2 गोलियां लगी। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पुलिस ने शूटर पपेंद्र रावत को गिरफ्तार किया। घटना करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास की है।

                              पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बड़ौनी के घुघसी निवासी गोलू रावत  उम्र 25 वर्ष, डबरा के चांदपुर निवासी पपेंद्र रावत 23 वर्ष व बड़ौनी के घुघसी निवासी जहीर मुसलमान 24 वर्ष शामिल हैं। आरोपी गोली रावत ने एक दिन पहले शनिवार को कट्टे से पीठ पर गोली मारी थी। एक गोली लगने से वकील की जान गई थी। वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थी। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। आज सुबह चिरली तिराहा के पास आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली। जिसपर पुलिस की टीमें पहुंची तो आरोपी पपेंद्र रावत ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पपेंद्र के पैर में 2 गोलियां लगीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार शाम को ही शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनके साथी आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीनी विवादों के मामलों में पैरवी करने और मुकदमे जीतने के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने पहले ही जमीनी रंजिश और चुनावी विवाद को हत्या का कारण बताया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की सुपारी कितने में दी गई थी। साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही। आरोपियों से पूछताछ जारी है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post