ट्रेन छूटने वाली है? फिक्र न करें, अब ऐन वक्त पर भी बदल सकेंगे अपना बोर्डिंग स्टेशन


रेलवे बोर्ड ने जोनल अफसरों को जारी किए निर्देश

जबलपुर। भारतीय रेलवे यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए नियमों में एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब यात्री ट्रेन के प्रस्थान समय से महज 15 से 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग पॉइंट (जहाँ से ट्रेन पकड़नी है) बदल सकेंगे। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, यात्रियों को बोर्डिंग स्टेशन बदलने के लिए कम से कम 24 घंटे पहले आवेदन करना होता है या पहले रिजर्वेशन चार्ट बनने तक का इंतज़ार करना पड़ता है, जो ट्रेन छूटने से करीब 4 से 8 घंटे पहले तैयार होता है। इस पुरानी व्यवस्था के कारण अंतिम समय में यात्रा प्लान बदलने पर यात्रियों को काफी परेशानी होती थी।

सॉफ्टवेयर में होगा बदलाव

रेलवे बोर्ड ने इस नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम को अपने सॉफ्टवेयर में तकनीकी बदलाव करने के निर्देश दे दिए हैं। रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर (पीएम) संजय मनोचा ने सभी जोनल रेलवे को इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों का मानना है कि तकनीकी परीक्षण पूरा होने के बाद यह सुविधा मार्च से देशभर में लागू की जा सकती है। इस कदम से उन हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी जिन्हें ऐन वक्त पर किसी दूसरे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी पड़ती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post