जबलपुर: दुष्कर्म के आरोपी उत्तम स्वामी की कथा के समापन पर बवाल, महिलाओं से अभद्रता का वीडियो वायरल


जबलपुर।
 जबलपुर के भेड़ाघाट में आयोजित उत्तम स्वामी की कथा के समापन के दौरान भारी अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि किस प्रकार श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया। ​यह घटना 15 फरवरी को कथा के अंतिम दिन की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थीं। विवाद तब शुरू हुआ जब नर्मदा नदी से जल भरकर कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाएं कथा के समापन के बाद अपने कलश वापस लेने पहुंचीं। इसी दौरान मंच से उन पर जल फेंका गया, जिससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में एक और चौंकाने वाला दृश्य सामने आया है, जिसमें एक कार्यकर्ता भीड़ को नियंत्रित करने के नाम पर महिलाओं के साथ बदसलूकी करता नजर आ रहा है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कार्यकर्ता ने एक महिला को कमर से पकड़कर पीछे खींचा और अन्य महिलाओं को बेरहमी से धक्का दिया।  इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश है। कई लोगों ने इसे धार्मिक आयोजन की गरिमा के खिलाफ बताते हुए आयोजकों और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

क्या आरोप लगे हैं स्वामी पर

​उल्लेखनीय है कि कथावाचक उत्तम स्वामी वर्तमान में गंभीर विवादों के केंद्र में हैं। उन पर राजस्थान की एक युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है, जिसकी शिकायत दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई गई है। हालांकि उत्तम स्वामी ने इन आरोपों को अपने खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया है, लेकिन ताजा घटनाक्रम ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कार्यक्रम के अन्य वीडियो में उत्तम स्वामी को रथ पर सवार देखा गया, जहां उनके साथ भाजपा विधायक नीरज सिंह भी नजर आए।  दुष्कर्म के आरोपों के बाद उनके सार्वजनिक रूप से सामने आने और कार्यक्रम के दौरान हुई इस बदसलूकी ने स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की ओर से इस मामले में किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विवाद गहराता जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post