khabar abhi tak

जबलपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद: भाजपा जिला अध्यक्ष के भाई पर चाकू से जानलेवा हमला


जबलपुर 
। शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के बेखौफ होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर में आम नागरिकों के साथ-साथ अब रसूखदार जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं। कचनार सिटी के पास देर रात बीच सड़क पर शराब पी रहे युवकों ने भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष के भाई और पूर्व पार्षद राजाराम (पिंटू) पटैल पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

​बीच सड़क पर महफिल जमाए बैठे थे बदमाश, टोकने पर किया हमला

​घटनाक्रम के अनुसार, पूर्व पार्षद पिंटू पटैल शनिवार रात करीब 11:30 बजे गोलबाजार से अपने घर कचनार सिटी लौट रहे थे। एम.आर. फोर रोड पर कुछ युवक बीच रास्ते में बैठकर शराब पी रहे थे। जब पिंटू पटैल ने उन्हें वहां से हटने को कहा और रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए। विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में पिंटू पटैल के सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।

​राजनैतिक हलकों में हड़कंप, पुलिस सक्रिय

​घायल पिंटू पटैल भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटैल के भाई हैं, जिसके चलते इस घटना के बाद शहर के राजनैतिक गलियारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। विजय नगर थाना प्रभारी राजेंद्र मर्सकोले के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। हुलिए के आधार पर संदिग्धों की घेराबंदी की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak