जबलपुर। एमपी के जबलपुर में राइट टाउन स्थित स्वर्गीय हेमलता श्रीवास्तव की 50 करोड़ रुपए की संपत्ति को नगर निगम ने सीज कर लिया है। यहां पर आज नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार की मौजूदगी में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पूरी प्रॉपर्टी को अपने अधीन ले लिया। इस प्रॉपर्टी पर स्वास्थ्य शाखा का वार्ड कार्यालय खोल दिया गया है।
नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि यह पूरी संपत्ति लीज पर दी गई थी, लेकिन लीज की शर्तों का उल्लंघन पाया गया है। इसी आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संपत्ति पर कब्जा लिया है। निगम की टीम सुबह डॉ श्रीवास्तव के बंगले पहुंची और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार अब इस संपत्ति की निगरानी नगर निगम द्वारा की जाएगी और बिना अनुमति किसी भी प्रकार की गतिविधि या प्रवेश पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कि डॉ हेमलता श्रीवास्तव की संपत्ति को लेकर पिछले कुछ दिनों से प्रशासनिक कार्रवाई चल रही है और फर्जी दस्तावेज व लीज उल्लंघन की जांच भी चल रही है। यह करीब 25000 स्क्वायर फीट की जमीन है, जिसे नगर निगम ने लीज पर दिया था। मामले में लीज शर्तों का उल्लंघन किया गया है। डॉ हेमलता श्रीवास्तव को रेजिडेंशियल उद्देश्य से यह जमीन दी गई थी, लेकिन यहां पर कमर्शियल उपयोग किया जा रहा था। इस जमीन पर दुकान खोल दी गई थी जो कि प्रशासन के आदेश की अवहेलना भी है। निगम कमिश्नर ने बताया कि आदेश में लिखा हुआ था कि यह प्रॉपर्टी किसी को हस्तांतरित भी नहीं की जा सकती है। इसके बावजूद इस प्रॉपर्टी पर कई लोगों ने अपना दावा किया था। निगम कमिश्नर ने बताया कि लीज पर ली प्रॉपर्टी का हर साल रेंट भी देना जरूरी होता है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
Tags
jabalpur