जबलपुर। एमपी के जबलपुर में रामपुर स्थित मांडवा बस्ती में आज तड़के चीखपुकार मच गई। जब हथियारों से लैस होकर पहुंचे बदमाशों ने फायरिंग शुरु कर दी। यहां तक कि एक घर पर पथराव करते हुए तोडफ़ोड़ कर दी। घटना से मांडवा बस्ती में दहशत व्याप्त रही। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिन्होने पूछताछ के बाद कुख्यात बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस को पीडि़त इब्राहिम शाह ने बताया कि बीती रात छोटा भाई बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में करन के पिता से टक्कर हो गई, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई। इस बीच दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ, विवाद होते देख आसपास के लोग पहुंच गए और झगड़ा शांत करा दिया। रात में ही करन ने अपने पिता के साथ रामपुर चौकी पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। रात को ही पुलिस की बुलावे पर इब्राहिम और उसके भाई मोनू चौकी जाने के लिए निकले, दोनों भाई पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ जोगनी मंदिर के पास पहुंचे। तभी करन और उसके साथियों ने हमला किया। इस घटना में दोनों भाई और महिला घायल हुए। हमले में घायल दोनों भाई व महिला घर आ गए। आज तड़के चार बजे के लगभग 8 से 10 बदमाश हथियारों से लैस होकर मांडवा बस्ती पहुंचे और दनादन फायरिंग शुरु कर दी। गोलियां चलने की आवाज सुनकर घरों में सो रहे लोग घबराकर बाहर आए, देखा तो बदमाश फायरिंग कर रहे है। इसके बाद बदमाशों ने इब्राहिम के घर पर पथराव कर तोडफ़ोड़ की। लोगों की भीड़ को देखकर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने जांच के दौरान कारतूस के खोखे बरामद कर सीसीटीवी के फुटेज लिए। पुलिस अब आरोपियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।