जबलपुर : शहर के व्यस्ततम मार्गों पर लगेगी ई-रिक्शा के संचालन पर रोक, मंडला और डिंडौरी मार्ग पर अलग बस स्टैंड होगा

जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिले में बढ़ते सड़क हादसे, लगातार जाम से निपटने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति ने कई बड़े निर्णय लिये हैं, जिसमें शहर के व्यस्ततम मार्गों पर ई-रिक्शा पर रोक लगाने के अलावा जबलपुर से मंडला व जबलपुर से डिंडोरी की ओर जाने वाली बसों के लिए अलग बस स्टैंड बनाने के लिए जगह को चिन्हित करने का फैसला किया है.

उल्लेखनीय है कि शहर के अंदर ई-रिक्शा की धमाचौकड़ी से शायद ही कोई व्यक्ति परेशान न होता हो. ई-रिक्शा यातायात व्यवस्था को धता बताते हुए जहां सड़क में बेतरतीब अपना वाहन खड़ाकर यातायात जाम करते हैं, वहीं सड़क हादसे का बड़ा कारण भी बन रहे हैं, जिसे देखते हुए जिला सड़क सुरक्षा समिति ने इनको नियंत्रित करने के लिए कुछ कड़े उपाय किये हैं, जिसमें शहर के व्यस्ततम मार्गों पर इनके संचालन पर कड़ाई से रोक लगाई जायेगी.

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की मौजूदगी में आयोजित की गई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने व्यस्तम मार्गों और भीड़ भाड़ वाले इलाकों में ई-रिक्शा और पिकअप वाहनों के संचालन पर निश्चित समय के लिये रोक लगाने, ई-रिक्शा संचालन के लिये रुट निर्धारित करने तथा मंडला और डिंडौरी जाने वाली यात्री बसों के शहर के भीतर संचालन बंद करने मंडला और डिंडौरी मार्ग पर बस स्टैंड के लिये स्थान चिन्हित करने का फैसला भी लिया गया। शहर के भीतर यातायात में बाधक यूनिपोल को चिन्हित कर हटाने के निर्देश भी बैठक में दिये गये।

बैठक में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी, स्मार्ट सिटी के सीईओ अनुराग सिंह तथा लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम एवं सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

दीनदयाल चौक की रोटरी को मिलेगा नया स्वरूप

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बताया गया कि रानीताल चौराहा और बलदेवबाग चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल जल्द ही चालू हो जाएंगे। दीनदयाल चौक की रोटरी का नया ले-आऊट तैयार हो जाने पर यहाँ भी ट्रैफिक सिग्नल लगाये जाएंगे। इसके अलावा उन चौराहों का सर्वे कर चिन्हित किया जायेगा जहाँ ट्रैफिक सिग्नल लगाने की आवश्यकता है। बलदेवबाग से ट्रांसपोर्टर्स के ऑफिसों को चाण्डालभाटा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में शीघ्र शिफ्ट कराने के निर्देश बैठक में दिये गये। 

Post a Comment

Previous Post Next Post