जबलपुर। मंडला के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के रीडर को बुधवार लोकायुक्त दल ने पांच हजार रूपयों की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। यह रिश्वत खसरे में गलती से नाम गलत होने पर उसे सुधारने के लिए ली जा रही थी। टीम ने आवेदक की शिकायत की जांच करने के बाद ट्रेप कार्यवाही की।
लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि आवेदक गेंदलाल निवासी ग्राम दरगड़ तहसील निवास की शिकायत पर निवास के एसडीएम कार्यालय में छापा मारा गया। इसमें आरोपी सहायक ग्रेड- 3 काशीराम मरावी को 5000 रूपए लेते हुए पकड़ा है।
एसपी का कहना है कि गेंदलाल के पिताजी की कृषि भूमि के खसरे में इसके पिता जी का नाम त्रुटिवश मूल चंद के स्थान पर फूलचंद दर्ज है। खसरे में उक्त नाम सुधार करवाने के एवज में आरोपी काशीराम मरावी, सहायक ग्रेड-3 रीडर कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा 10000 रु रिश्वत की मांग की जा रही थी। 18 फरवरी को आरोपी उपरोक्त को 5000 लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। ’ट्रेप दल में टीएलओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले, निरीक्षक जितेन्द्र यादव, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय मौजूद रहे।
