पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अनिल पटेल उम्र 28 वर्ष घर से मां व बहन के सोने व चांदी के जेवर लेकर घर से भाग निकला। अनिल द्वारा चोरी किए जाने की शिकायत परिजनों ने थाना पहुंचकर की थी। इसके बाद से परिजन भी अपने स्तर पर तलाश कर रहे थे। इस दौरान देर शाम अनिल की डुड़हा गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में नहर के किनारे ग्रामीणों ने खून से लथपथ लाश देखी तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के जेब से मिले आधार कार्ड से अनिल पटेल के रुप में पहचान की। पुलिस को घटना स्थल के पास शराब की बोतल, गांजा की चिलम, नमकीन सहित अन्य सामान मिला, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शराब पीने के दौरान अनिल की सिर पर पत्थर पटककर हत्या की गई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने अनिल को किसी बहाने से जंगल में बुलाया और शराब पिलाने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। देर रात तक फोरेंसिक टीमए डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की टीम मौके पर जांच में जुटी रही। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि अनिल के पिता का निधन हो चुका है। वह अपनी मां व बहन के साथ रहता था। अनिल चार दिन पहले बहन और मां के गहने और कुछ रुपए चोरी कर घर से बाहर ले गया था। अनिल के खिलाफ अमदरा थाने में मारपीट सहित तीन आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। सायबर टीम अब अनिल के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। उसके परिवार से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों का कोई सुराग हाथ लग सके।