जबलपुर। आगामी 19 मार्च को हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में संस्कारधानी जबलपुर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी विशाल एवं भव्य मंगल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए संचार नगर में 'नारायणी सेना' के संयोजक सीताराम सैन के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर के प्रबुद्ध संत समाज की उपस्थिति में यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई। संयोजक सीताराम सैन ने कहा कि इस शोभायात्रा के माध्यम से नगर में 'हिंदू समागम' जैसा अद्भुत दृश्य निर्मित होगा, जो एकता और धर्म का प्रतीक बनेगा।
केसरिया परिधान और रामधुन से गूंज उठेगा नगर
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कलश यात्रा में महिलाएं एक ही रंग के वस्त्र धारण कर शामिल होंगी। शोभायात्रा में भव्य झांकियां, भगवा ध्वज और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ रामधुन कीर्तन मंडलियां वातावरण को धर्ममय बनाएंगी। यह यात्रा दोपहर 2 बजे दमोहनाका से प्रारंभ होकर मिलोनीगंज, मालवीय चौक और तीन पत्ती होते हुए नगर भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान नारायणी सेना के साथी पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे। आयोजन की भव्यता के लिए प्रत्येक सप्ताह वार्ड स्तर पर बैठकें की जाएंगी। इस अवसर पर नारायणी सेना के संयोजक सीताराम सेन, नगर अध्यक्ष राजकुमार भोजक, आरए दुबे, शैलेंद्र चौरसिया, अनिल पटेल, राहुल हटारिया, महामंत्री अरविंद दुबे, अटल उपाध्याय, वासु अग्रवाल, विवेक शुक्ला, मुकुट शुक्ला, नितिन गुप्ता, मोंटू महराज, अभय उपाध्याय एवं मुकुट शुक्ला ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में इस गरिमामयी यात्रा में सम्मिलित होने की अपील की है।
