नई दिल्ली. रेलवे आगामी 1 मार्च से अपने लंबे समय से उपयोग हो रहे यूटीएस टिकट बुकिंग एप को बंद करने जा रहा है। यूटीएस एप जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और अन्य अनारक्षित टिकटों के लिए यात्रियों का भरोसेमंद साथी रहा है। लाखों यात्री प्रतिदिन अपने यात्रा के लिए इसी एप का इस्तेमाल करते आए हैं, क्योंकि यह सरल, तेज़ और सीधे मोबाइल से टिकट बुक करने की सुविधा देता है।
खासकर बिना आरक्षित सीट वाले यात्रियों के लिए यूटीएस एप जरूरी बन चुका था। इस एप से आप अपने नज़दीकी स्टेशन से जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते थे और तत्काल यात्रा की योजना बना सकते थे। इस बदलाव से यात्रियों को पहले से ही तैयारी करनी होगी, ताकि वे टिकट बुकिंग के नए तरीके से परिचित हो सकें।
अब ये एप इस्तेमाल कर सकेंगे
अब रेलवे ने यूटीएस एप को बंद कर नई और अधिक उन्नत रेलवन एप को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। इस नई एप में जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग की सुविधा मिलेगी।
एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में आईआरसीटीसी और एनटीईएस जैसी सेवाएं भी इस एप में शामिल हैं।
यात्रियों को अपनी टिकट संबंधी सभी जरूरतों के लिए अब केवल रेलवन पर निर्भर होना होगा।
14 जुलाई 26 तक 3 प्रतिशत मिलेगा डिस्काउंट
रेलवन एप पर जनरल टिकट बुक करने पर यात्रियों को डिजिटल भुगतान पर 3 प्रतिशत का डिस्काउंट भी मिलेगा। रेलवन एप पर यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगा। ये छूट उन यात्रियों के लिए लाभदायक साबित होगी जो रोज़ाना या कभी-कभी जनरल टिकट बुक करते हैं। आर-वॉलेट बैलेंस को भी आप नई रेलवन एप में उपयोग कर सकते हैं, जिससे डिजिटल भुगतान और भी आसान हो जाएगा। इस एप में टिकट बुक करने के लिए यात्री विभिन्न माध्यम जैसे यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, आर-वॉलेट और नेट बैंकिंग की मदद से पेमेंट कर सकते हैं।
