जबलपुर। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर झूठी शिकायत करने के मामले में फंसे सुभाष चंद्रा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब उनके पुत्र अमित चंद्रा, जो स्वास्थ्य विभाग के मझोली कार्यालय में बीपीएम के पद पर कार्यरत है, के विरुद्ध भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। बता दें कि पूर्व जिला कार्यक्रम प्रबंधक विजय पाण्डेय की मार्कशीट के फर्जी सत्यापन दस्तावेज तैयार कर मिशन संचालक और कलेक्टर से झूठी शिकायत करने के आरोप में 3 फरवरी को थाना ओमती में सुभाष चंद्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी मामले में पिता को बचाने के लिए अमित चंद्रा ने विजय पाण्डेय पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
कार्यालय और घर जाकर दी धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित चंद्रा पहले विजय पाण्डेय के विक्टोरिया स्थित कार्यालय पहुंचा और वहां एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाया। इसके बाद वह उनके रामपुर स्थित निवास पर भी जा पहुंचा और परिवार के सदस्यों को धमकाने लगा। विजय पाण्डेय ने इस पूरी घटना की शिकायत ओमती और गोरखपुर थाने में की, साथ ही साक्ष्य के तौर पर वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अमित चंद्रा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार करने घर भी पहुंची, लेकिन वह फरार हो गया। फिलहाल पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही है।
