khabar abhi tak

गढ़ा में आतंक: ऑफिस से लौट रहे रेलवे अधिकारी को बदमाशों ने घेरा, सब्जी मंडी के सामने सरेराह चाकूबाजी


जबलपुर
। गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुविधा मार्केट के सामने एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ दो अज्ञात बदमाशों ने एक रेलवे इंजीनियर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल इंजीनियर कुनाल कुमार (35), जो शक्तिनगर निवासी हैं और रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

​सब्जी लेकर लौट रहे थे घर, बीच रास्ते में रोका

​घटना शाम करीब 7:50 बजे की है, जब कुनाल कुमार अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे। सुविधा मार्केट के पास सब्जी खरीदने के बाद जैसे ही वे अपनी स्कूटी (MP 20 SP 5073) के पास पहुँचे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए 2 हजार रुपये की मांग की। कुनाल द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी जांघ और हाथ की उंगली में गंभीर चोटें आईं।

​आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

​हमले के बाद पीड़ित अपनी स्कूटी छोड़कर जान बचाकर भागे, जिस पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। सूचना मिलते ही गढ़ा पुलिस मौके पर पहुँची और पीड़ित के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपियों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak