khabar abhi tak

लम्बे इंतजार के बाद बरसी नगर निगम की 'अनुकम्पा', चमक उठे चेहरे


जबलपुर नगर निगम की बड़ी पहल: 47 आश्रितों को मिली अनुकम्पा नियुक्ति, महापौर ने बताया 'निगम परिवार' के प्रति अपना दायित्व

जबलपुर। नगर निगम जबलपुर ने अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए कर्तव्यनिष्ठा की एक अनूठी मिसाल पेश की है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के विशेष प्रयासों से वर्षों से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के मामलों को अब मिशन मोड में सुलझाया जा रहा है। महापौर श्री ‘‘अन्नू’’ ने इस अवसर पर भावुक होते हुए कहा कि नगर निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी महज कर्मी नहीं, बल्कि उनके अपने परिवार के सदस्य हैं। उनके हितों की रक्षा करना और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील रहकर अपने उत्तरदायित्वों को निभाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मिशन मोड में हुआ प्रकरणों का निराकरण

​निगमायुक्त श्री अहिरवार के कुशल निर्देशन में पिछले एक माह के भीतर नगर निगम प्रशासन ने सभी लंबित अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया। नियमों के दायरे में रहते हुए और पूरी पारदर्शिता के साथ दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को विभिन्न रिक्त पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। महापौर ने बताया कि लंबे समय से ये परिवार अपनी आजीविका के लिए संघर्ष कर रहे थे, जिन्हें अब संबल प्रदान किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पात्र व्यक्ति का आवेदन तकनीकी कारणों से अनावश्यक रूप से न रोका जाए।

आश्रितों को मिले नियुक्ति आदेश

​नगर निगम द्वारा वर्तमान में 47 दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के साथ-साथ आर्थिक लाभ प्रदान करने संबंधी आदेश आधिकारिक रूप से जारी कर दिए गए हैं। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि यह नियुक्ति प्रक्रिया यहीं समाप्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शेष बचे हुए प्रकरणों का भी तेजी से परीक्षण किया जा रहा है और जल्द ही अन्य पात्र परिजनों को भी शासन के नियमानुसार नियुक्तियां प्रदान की जाएंगी। नियुक्त किए गए सभी कर्मचारियों को अलग से आदेश जारी कर विभाग एवं कार्य आवंटित किए जाएंगे। इस दौरान अपर आयुक्त व्हीएन बाजपेयी, देवेन्द्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त श्रीमती शिवांगी महाजन, कार्यपालन यंत्री नवीन लोनारे और विधि अधिकारी राजीव अनभोरे सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak