khabar abhi tak

घर लौट रहे थे दो साथी, रास्ते में बिछी थी मौत,दो जानें गयीं


जबलपुर।
चरगवां थाना अंतर्गत ग्राम उमरिया डूंगरिया में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ अवैध शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तारों ने दो जिंदगियाँ लील लीं। देर रात घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक और 16 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

​जंगली सुअर के लिए बिछाया था करंट

​जानकारी के अनुसार, दिया खेड़ा निवासी किशन ठाकुर (28 वर्ष) और उमरिया निवासी गोविंद ठाकुर (16 वर्ष) देर रात लोहे की रॉड लेकर पैदल वापस अपने घर की ओर आ रहे थे। रास्ते में अज्ञात शिकारियों ने जंगली सुअर को फंसाने के लिए जमीन पर बिजली के नंगे तारों का जाल बिछा रखा था। अंधेरा होने के कारण दोनों युवक इन तारों को नहीं देख पाए और जैसे ही उनकी रॉड तारों के संपर्क में आई, उन्हें जोरदार झटका लगा। मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी

​सुबह जब ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों के शव खेत में पड़े देखे, तो वहां चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब उन शिकारियों की तलाश कर रही है जिन्होंने अवैध रूप से वहां बिजली के तार बिछाए थे। इस घटना ने एक बार फिर जंगलों के किनारे अवैध बिजली फेंसिंग के खतरों को उजागर कर दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak