khabar abhi tak

श्रीकृष्णालोक भागवत भवन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भक्तों ने टेका माथा


आचार्य योगेंद्र शास्त्री की कथा में झूमे श्रद्धालु,
भजनों की धुन पर जमकर नाचे भागवत प्रेमी

जबलपुर। संस्कारधानी के समीपस्थ ग्राम बसेंड़ी (पावला तलैया) में इन दिनों भक्ति की अविरल धारा बह रही है। अवसर है श्रीकृष्णालोक भागवत भवन में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत सप्ताह कथा ज्ञान यज्ञ का। रविवार को कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जैसे ही भगवान का प्राकट्य हुआ, पूरा पंडाल 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' के जयघोष से गुंजायमान हो गया और भक्त भक्ति भाव में डूबकर झूमने लगे।

धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला,सजीव हो रही कथा


इस आध्यात्मिक महोत्सव का शुभारंभ 5 फरवरी को भव्य मंगलकलश शोभायात्रा के साथ हुआ था। कार्यक्रम की प्रतिदिन की शुरुआत प्रातः 9 बजे पीठ पूजन और परायण के साथ होती है। कथा के शुरुआती दिनों में आचार्य योगेंद्र शास्त्री ने श्रीमद्भागवत महात्म्य, नारद चरित्र और श्रीशुकदेव आगमन के प्रसंगों का सजीव वर्णन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।रविवार के विशेष सत्र में क्षेत्रीय विधायक नीरज सिंह ने कथा स्थल पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद लिया और व्यास पीठ का पूजन किया। उनके साथ ही बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

विभिन्न क्षेत्रों से उमड़ रहा जनसैलाब

कथा में केवल स्थानीय निवासी ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रीमद्भागवत कथा प्रचार समिति के अनुसार ग्राम पावला, बेलखेड़ी, मेरेगांव, बरपटी, गोकला, कूंडा, सुंदरादेही, रजोला, बेलखेड़ा, मातनपुर, बिहारीपुरा, झलौन, जमरवार, मनकेंड़ी, गुंदरई, सुनाचर, कुशली, जुगपुरा, हीरापुर, मातापुर, इमलिया, इंद्रानगर, कुटरी और खाप सहित अन्य क्षेत्रों से भक्तगण लगातार कथा श्रवण हेतु पहुंच रहे हैं। भक्ति का यह महाकुंभ 12 फरवरी तक चलेगा। समापन के अवसर पर हवन-पूजन, पूर्णाहुति, कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak