जबलपुर। शहपुरा में ठूंठा गांव में शनिवार को पड़ोसियों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ कि नौबत मारपीट की आ गई। पड़ोस में रहने वाले दो भाई अपने पिता के साथ लाठी और रॉड लेकर बाजू वाले युवक पर टूट पड़े। यह देखते ही युवक की बहन दनादन लाठियों के बीच भाई को बचाने उस पर लेट गई। आस-पड़ोस के लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ था। परिजनों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
शहपुरा पुलिस ने बताया कि नेपियर टाउन के बेस्ट सुपर स्पेशिलिटी हास्पिटल की सूचना पर पहुॅची पुलिस को घायल सत्यम सिंह राजपूत के भाई शिवम सिंह राजपूत ने बताया कि वह किसानी करता है। शनिवार की शाम लगभग 5 बजे खेत से घर से आया था। उसके घर के बाजू में रहने वाले दशरथ सिंह राजपूत बिना किसी बात के घर के बाहर गाली गलौज कर रहा था। उसके भाई सत्यम ने गालियंा देने से मना किया। इसी बात पर दशरथ अपने भाई सौरभ उर्फ शिल्लू एवं पिता झल्लू सिंह के साथ हाथ में लठ-रॉड लेकर आया। दशरथ ने जान से मारने की नियत से लठ से हमलाकर उसके भाई सत्यम के सिर में चोट पहुॅचा दी। शिल्लू लोहे की राड से एवं झल्लू सिंह हाथ मुक्कों से उसके भाई सत्यम के साथ मारपीट की। भाई को बचाने बहन रूबी सिंह बचाने दौड़ी थी।
इसी तरह मदारटेकरी में रहने वाले मोहम्मद आसिफ के साथ अल्ताफ ने चाकू से मारपीट की। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती किया है।