khabar abhi tak

मजदूर संघ के तेवर देख झुका रेल प्रशासन: खिलाड़ियों की मांगों पर बनी सहमति, कल होने वाला धरना स्थगित


जबलपुर।
पश्चिम मध्य रेल प्रशासन और रेल खिलाड़ियों के बीच चल रहा गतिरोध मंगलवार को समाप्त हो गया। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ द्वारा अपनी मांगों को लेकर 11 फरवरी को प्रस्तावित विशाल धरना प्रदर्शन और जीएम कार्यालय के घेराव को फिलहाल टाल दिया गया है। यह निर्णय रेल प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों की ज्वलंत मांगों पर लिखित सहमति जताने के बाद लिया गया।

वार्ता में इन मांगों पर बनी सहमति

मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शर्मा के निर्देश पर मंगलवार को प्रशासन और संघ प्रतिनिधियों के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

  • स्पोर्ट्स सेल का गठन: रेलवे में एक समर्पित स्पोर्ट्स सेल बनाया जाएगा, जिसमें पर्याप्त संख्या में कर्मचारी तैनात रहेंगे।
  • खिलाड़ियों की तत्काल रवानगी: 11 फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए भंडार विभाग  में फंसे खिलाड़ियों को तत्काल कार्यमुक्त कर दिया गया है।
  • वैकल्पिक व्यवस्था: भंडार विभाग के सक्रिय खिलाड़ियों को अन्य विभागों के कर्मचारियों से रिप्लेस किया जाएगा ताकि उनके खेल पर असर न पड़े।
  • छुट्टियों का कैलेंडर: रेलवे बोर्ड के नियमानुसार अभ्यास और टूर्नामेंट के लिए 'विशेष आकस्मिक अवकाश' का वार्षिक कैलेंडर जारी होगा।
  • नई नियुक्तियां: स्पोर्ट्स कोटे की रिक्तियों को जल्द भरा जाएगा और स्पोर्ट्स अधिकारी की नियुक्ति के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।

प्रशासनिक और संघ प्रतिनिधियों की उपस्थिति:

इस सुलह वार्ता में प्रशासन की ओर से प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एसडी पाटीदार, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक कुशाल सिंह और प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक एमके गुप्ता मौजूद रहे। वहीं, संघ का नेतृत्व संयुक्त महामंत्री संदीप श्रोती ने किया। बैठक में सतीश कुमार, अनेश सिंह और मितेन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे। संघ प्रवक्ता सतीश कुमार ने बताया कि मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन को स्थगित किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak