khabar abhi tak

पत्थरबाजों ने संघमित्रा एक्सप्रेस को बनाया निशाना,खिड़कियों के कांच चकनाचूर, आरपीएफ ने शुरू की तलाश


जबलपुर
। जबलपुर रेल मंडल के  श्रीधाम स्टेशन के बाहरी इलाके यानी आउटर में असामाजिक तत्वों द्वारा चलती ट्रेन पर पथराव करने की एक गंभीर घटना सामने आई है। दानापुर से चेन्नई की ओर जा रही संघमित्रा एक्सप्रेस जब पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत श्रीधाम आउटर से गुजर रही थी, तभी अचानक ट्रेन पर पत्थरों की बौछार शुरू हो गई। इस हमले में पेंट्रीकार की खिड़कियों के कांच पूरी तरह टूट गए। घटना के वक्त पेंट्रीकार के भीतर कर्मचारी भोजन तैयार कर रहे थे। अचानक हुए इस हमले से यात्रियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि इस पथराव में किसी भी यात्री या रेल कर्मचारी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।

 सीसीटीवी और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी

ट्रेन के अगले स्टेशन पहुँचते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी  की टीमें मौके पर पहुँच गईं। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त पेंट्रीकार का बारीकी से निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार किया है। पेंट्रीकार स्टाफ के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं ताकि घटना की स्पष्ट जानकारी मिल सके। ​रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, रेल ट्रैक के किनारे रहने वाले स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। रेलवे पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकत करने वाले दोषियों को जल्द ही चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak