khabar abhi tak

जबलपुर: विधायकजी के जन्मदिन पर 'होर्डिंग वॉर', आपस में भिड़े एक ही पार्टी के कार्यकर्ता


मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर संयम व अनुशासन बरतने की सख्त अपील की


जबलपुर। शहर के पूर्व विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक लखन घनघोरिया के जन्मदिन के उपलक्ष्य में होर्डिंग लगाने को लेकर एक ही पार्टी के दो गुटों के बीच जमकर विवाद हुआ। शहर के व्यस्ततम मालवीय चौक पर हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। श्री घनघोरिया का जन्मदिन रविवार यानी 1 मार्च को है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर संयम व अनुशासन बरतने की सख्त अपील की है।

​जगह को लेकर आमने-सामने आए दो गुट

​विवाद की शुरुआत मालवीय चौक के मुख्य चौराहे पर होर्डिंग लगाने की जगह को लेकर हुई। जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक ही स्थान पर अपना-अपना बैनर लगाना चाहते थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले दोनों गुटों में तीखी कहासुनी हुई, जिसने बाद में विवाद का रूप ले लिया। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिसने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।

वरिष्ठ नेताओं की करीबी दिखाने की होड़

​सूत्रों का कहना है कि विवाद के पीछे गुटीय राजनीति और खुद को वरिष्ठ नेताओं का अधिक विश्वसनीय दिखाने की कोशिश प्रमुख वजह रही। दोनों ही पक्ष खुद को पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों का करीबी बता रहे थे और इसी रसूख के चलते प्रमुख स्थान पर अपना कब्जा जमाना चाहते थे। घटना की सूचना मिलते ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दखल दिया और कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर विवाद खत्म करने की कोशिश की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak