छात्रों ने मंत्री को घेरा,खोली रादुविवि की पोल,देखें वीडियो


जबलपुर।
मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के जबलपुर प्रवास के दौरान आज उस वक्त गहमागहमी की स्थिति बन गई जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने होम साइंस कॉलेज का घेराव कर दिया। मंत्री इंदर सिंह परमार एक कार्यक्रम के सिलसिले में कॉलेज पहुंचे थे, जहां पहले से मौजूद छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।

​रादुविवि की अनियमितताओं पर आक्रोश


प्रदर्शनकारी छात्रों का मुख्य आरोप है कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में लंबे समय से प्रशासनिक और शैक्षणिक अनियमितताएं व्याप्त हैं। एबीवीपी के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है, जिसके कारण छात्र हितों का लगातार नुकसान हो रहा है। इसी के विरोध में आज उच्च शिक्षा मंत्री को सीधे तौर पर हस्तक्षेप करने और लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है।

19 सूत्रीय मांगों पर अड़ा छात्र संगठन

​गौरतलब है कि एबीवीपी अपनी 19 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले काफी समय से आंदोलित है। इससे पूर्व छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय परिसर में भी उग्र प्रदर्शन किया था, लेकिन संतोषजनक समाधान न मिलने पर आज मंत्री के प्रवास के दौरान यह मोर्चा खोला गया। छात्रों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक उनकी सभी मांगों पर लिखित और ठोस आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। मंत्री ने छात्रों की मांगों को सुना और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।


छात्र हितों को लेकर एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में प्रशासनिक व्यवस्थाएं ठप हो गई हैं। इससे न तो समय पर परीक्षाएं आयोजित हो पा रही हैं और न ही परिणाम आ रहे है। छात्रहितो की लगातार अनदेखी की जा रही है। विवि की इस कार्य प्रणाली से छात्रों का भविष्य संकट में आ गया है। उक्त आरोप लगाते हुए एनएसयूआई ने शनिवार को उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्र संघ चुनाव बहाली की भी मांग की। ज्ञापन सौंपते समय युग ठाकुर, अनिकेत तिवारी, राजीव श्रीवास्तव मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post