जबलपुर। एमपी के जबलपुर में पाटन स्थित गुरु मोहल्ले में उस वक्त चीख पुकार मच गई। जब घर में रखा गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया, जिससे घर में आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में भीषण रुप धारण कर लिया। खगर मिलते ही फायर बिग्रेड के वाहन पहुंच गए, जिन्होने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन उस वक्त तक घर में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था।
बताया गया है कि पाटन के गुरु मोहल्ला स्थित एक घर में आज शाम 7 बजे के लगभग गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। जिससे सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए, देखा तो घर से आग की लपटें निकल रही है। पहले तो लोगों ने घरों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग विकराल रुप धारण कर चुकी थी। खबर मिलते ही फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। हालांकि घर गली में होने के कारण फायर बिग्रेड बाहर ही खड़ी रही,पाइपों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आगजनी की घटना में घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया है। घटना के वक्त घर में कोई भी मौजूद नहीं था। मौके पर पहुंची पुलिस अब गृह स्वामी के संबंध में पूछताछ कर रही है।