khabar abhi tak

छात्रों ने शपथ ली, हम हिंदी बोलेंगे


शासकीय महाकोशल कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर व्याख्यान एवं शपथ ग्रहण आयोजित

जबलपुर। अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के विशेष अवसर पर आज प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय, जबलपुर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना एवं हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा के महत्व से परिचित कराना और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के संभागीय नोडल अधिकारी प्रो. अरुण शुक्ल ने अपने संबोधन में मातृभाषा की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मातृभाषा केवल संवाद का एक जरिया मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारी गहरी संवेदनाओं, समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की वाहक है। प्रो. शुक्ल ने इस बात पर जोर दिया कि हम जिस भाषा में अपने मौलिक विचार बुनते हैं और अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करते हैं, वही हमारी वास्तविक पहचान है। उन्होंने आह्वान किया कि अपनी मातृभाषा का सम्मान करना वास्तव में अपनी संस्कृति और जड़ों का सम्मान करना है।

विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने लिया मातृभाषा के निरंतर प्रयोग का संकल्प

​व्याख्यान के उपरांत एक सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें उपस्थित सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे दैनिक जीवन में अपनी मातृभाषा का न केवल सम्मान करेंगे, बल्कि इसके नियमित उपयोग को प्राथमिकता देंगे। प्रतिभागियों ने प्रण लिया कि वे समाज में मातृभाषा के गौरव को पुनर्स्थापित करने और नई पीढ़ी को इसके प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास करेंगे। इस शैक्षणिक आयोजन में प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसी तिवारी सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मृत्युजय सिंह, डॉ. शैलप्रभा कोष्टा, डॉ. विभा निगम, डॉ. मीना केलर, डॉ. चित्रा राय, डॉ. रामेश्वर झारिया, डॉ. नीलू रघुवंशी, डॉ. रविश तमन्ना, डॉ. विभा चौधरी, डॉ. मनीषा सक्सेना, डॉ. जागेश्वर प्रजापति, डॉ. मीनाक्षी मेरावी, डॉ. रानु रंगडाले, डॉ. उमा धुर्वे एवं डॉ. नीलिमा उपस्थित रहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak