जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मंडल के कटनी-मैहर रेल खंड पर गुरूवार 12 फरवरी एक उच्च स्तरीय इंटर रेलवे सेफ्टी ऑडिट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह निरीक्षण मध्य रेल के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री सी. के. प्रसाद के नेतृत्व में गठित एक विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
इस उच्च स्तरीय ऑडिट टीम में श्री संजय कुमार झा (सीटीई), श्री अनिल कुमार पाटके (सीटीपीएम), श्री जनार्दन सिंह (सीएसई), श्री संजय सिंह (सीईई/ऑप.) जैसे वरिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड (एसएजी) अधिकारी शामिल थे। इसके अतिरिक्त टीम में उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (यातायात) श्री जे. डी. वानी, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री एस. के सिंह और वरिष्ठ संरक्षा अधिकारी श्री शिखर मेहता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संरक्षा ऑडिट दल ने सुबह जबलपुर स्टेशन से परख स्पेशल ट्रेन के माध्यम से अपना निरीक्षण प्रारंभ किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने कटनी और पटवारा के मध्य स्थित 1.37 डिग्री कर्व (किमी 1083/0-8) और एक महत्वपूर्ण बड़े पुल का सघन तकनीकी परीक्षण किया। इसके पश्चात, टीम ने पटवारा-झुकेही खंड में इंटरलॉक गेट नंबर 358 का बारीकी से निरीक्षण किया। अमदरा स्टेशन पर ऑडिट टीम ने स्टेशन संचालन, रिले रूम, पॉइंट एवं क्रॉसिंग 102क्च और एलडब्ल्यूआर की कार्यक्षमता की जांच की। संरक्षा मानकों को और पुख्ता करने के उद्देश्य से भदनपुर में स्थित ट्रैक्शन सब-स्टेशन और मैहर के पास स्थित माइनर ब्रिज व नॉन-इंटरलोक गेट संख्या 377 का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान श्री आरके गुप्ता एसएससी पी वे मैहर, श्री संजय प्रसाद एसएसई सिग्नल , मोहम्मद रिजवान फरीदी एसएससी पीवे कटनी नॉर्थ, श्री धर्मवीर सिंह गेटमैन, श्री सुमेर कुमार एसएस अमदरा, श्री राहुल कुमार ईएसएम, श्री सुजीत कुमार एसएसई टी आर डी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया ।
इस निरीक्षण अभियान में जबलपुर मंडल की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सहित अन्य शाखा अधिकारी समन्वय हेतु उपस्थित रहे। यह ऑडिट कार्यक्रम आगामी दो दिनों तक जबलपुर में जारी रहेगा, जिसके अंतर्गत 13 फरवरी को एआरटी व एआरएमवी का निरीक्षण किया जाएगा । कार्यक्रम का समापन 14 फरवरी को मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित होने वाली उच्च स्तरीय बैठक के साथ होगा ।