khabar abhi tak

वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों में अब मिलेगा 'इमरजेंसी कोटा', रेलवे बोर्ड ने जारी किया सर्कुलर


जबलपुर।
यात्रियों की सुविधा और आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने एक बड़ा निर्णय लिया है। अब अमृत भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में भी यात्रियों को इमरजेंसी कोटा की सुविधा मिलेगी। अभी तक इन प्रीमियम ट्रेनों में आपातकालीन सीटों की कोई अलग से व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण अचानक यात्रा करने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में काफी परेशानी होती थी।

24 बर्थ की गई निर्धारित, अचानक यात्रा करने वालों को मिलेगी राहत

​रेलवे बोर्ड द्वारा जारी नए सर्कुलर के अनुसार, अमृत भारत ट्रेनों में (जहां सात या उससे अधिक स्लीपर कोच हैं) आपातकालीन कोटे के लिए 24 बर्थ निर्धारित की गई हैं। वहीं वंदे भारत स्लीपर में कोच की श्रेणी और यात्रा के दिन के आधार पर सीटें तय की गई हैं। इससे पहले इन ट्रेनों में केवल महिला, दिव्यांग, सीनियर सिटीजन और ड्यूटी पास कोटा ही उपलब्ध था। अब गंभीर बीमारी, परिवार में अचानक आई विपदा या वीआईपी ड्यूटी जैसे मौकों पर इस कोटे के तहत सीट मिल सकेगी।

जोनल रेलवे को मिला अधिकार, बुकिंग की शुरुआत से ही लागू होगी व्यवस्था

​बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था एडवांस रिजर्वेशन पीरियड या बुकिंग की शुरुआत से ही लागू मानी जाएगी। साथ ही, इस व्यवस्था के संचालन और समीक्षा का अधिकार जोनल रेलवे को दिया गया है। जोनल रेलवे उपलब्धता और मांग के आधार पर समय-समय पर इस कोटे की समीक्षा कर सकेंगे और आवश्यकतानुसार इसमें बदलाव भी कर सकेंगे। इस फैसले से उन यात्रियों को सबसे ज्यादा लाभ होगा जिन्हें अंतिम समय में आपातकालीन यात्रा करनी पड़ती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak