जबलपुर/सागर। एमपी के सागर स्थित शाहगढ़ स्वास्थ्य केन्द्र में नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या करने वाला कोई और नहीं उसका पनागर निवासी मौसेरा भाई सुशील आठ्या है। जिसने जबलपुर से सागर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया है। सुशील एक तरफा प्यार में पागल था और वह दीपशिखा से शादी करना चाहता था। सागर पुलिस ने पहचान होने के बाद जबलपुर पहुंचकर सुशील की तलाश शुरु कर दी है। उसे पकडऩे के लिए पनागर सहित आसपास क्षेत्र में दबिश दी जा रही है।
शादी करने के लिए आए दिन फोन करता था आरोपी-
वहीं बेरोजगार होने के चलते अक्सर फोन लगाया करता था। वह दीपशिखा को शादी का कहता था। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद होने लगा। परेशान होकर नर्स ने उससे दूरी बनाई और बात करना बंद कर दिया। इसी बात से सुशील आक्रोशित हो गया।
जबलपुर के पाटन थाना में नर्स ने शिकायत भी की थी-
खबर है कि सुशील आठ्या द्वारा लगातार परेशान किए जाने पर नर्स ने जबलपुर के पाटन थाना में आरोपी की शिकायत की थी। दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया था। माफी मांगने के बाद राजीनामा हो गया था। कुछ दिन तक तो ठीक रहा इसके बाद फिर वह परेशान करने लगा था।
गुस्साए परिजनों ने किया चकाजाम-
हत्या की सूचना मिलते ही जबलपुर से नर्स के परिजन शाहगढ़ पहुंचे। घटना से गुस्साए परिजनों ने आज सागर-कानपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने मामले में आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया।