khabar abhi tak

हावड़ा मेल में किन्नर का आतंक: यात्री पर ब्लेड से हमला कर हुआ फरार


जबलपुर। 
ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे नजर आ रही है। दानापुर सुपरफास्ट में अवैध वेंडर द्वारा यात्री पर चाकू से हमले की घटना अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि सोमवार को मुंबई-हावड़ा मेल (12322 डाउन) में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ट्रेन के जनरल कोच में एक किन्नर ने यात्री पर ब्लेड से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। जानकारी के अनुसार, सोमवार को हावड़ा मेल जब इटारसी से पिपरिया के बीच दौड़ रही थी, तभी जनरल कोच में किसी बात को लेकर एक किन्नर और यात्री के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि किन्नर ने अपने पास रखी ब्लेड से यात्री पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किन्नर पिपरिया स्टेशन आते ही ट्रेन से उतरकर भाग निकला।

जबलपुर में मिला प्राथमिक उपचार

​घायल यात्री ने ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुँचने पर अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों द्वारा तत्काल उसे चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई। लगातार हो रही इन घटनाओं से रेल यात्रियों में दहशत का माहौल है। यात्रियों का कहना है कि चलती ट्रेनों में अवैध वेंडरों और किन्नरों द्वारा किए जा रहे हमलों के कारण अब सफर करना असुरक्षित होता जा रहा है।रविवार को हुई चाकूबाजी और सोमवार को किन्नर द्वारा किए गए इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। फिलहाल, जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों घटनाओं के आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak