जबलपुर। गढा में रहने वाले अहिरहन्त टिम्बर के मालिक को एक व्यक्ति ने टाल खोलने के नाम पर 70 लाख रूपए हड़प लिए। व्यवसायी के छानबीन किए जाने पर आरोपी व्यक्ति ने कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की। परेशान व्यवसायी ने इस मामले की रिपोर्ट पुलिस से की है।
गढ़ा पुलिस ने बताया कि मंगलवार को गढ़ा निवासी संस्कार जैन ने लिखित शिकायत की कि लकड़ी के टाल का काम करता है। उसकी लकडी की टाल गंगासागर में अरिहन्त टिम्बर नाम से है। शुभम गुप्ता निवासी भारत कालोनी कोचिंग चलाता था, जिस कारण उससे जान पहचान थी। शुभम गुप्ता ने 10 सितम्बर 2024 को मेरे घर आकर मुझसे बोला कि मैं व्यापारी हूँ। कई व्यापार कर चुका हूँ। लकडी का काम भी किया था। मैं अपनी टाल खोलना चाहता हूँ। तुम चाहो तो मेरी टाल में इनवेस्ट कर दो। मुनाफे में तुमको आधा हिस्सा दे दूँगा। तो मैने कहा कि ठीक है। उसने मुझसे 50 लाख रुपये माँगे। मैने कहा कि मेरे पास इतने रुपये नही है तो बोला कि तुम कही से भी जुगाड करवा दो। जैसे ही टाल खुल जायेगी तो मुनाफे में आधा हिस्सा तुम्हारा भी रहेगा। शुभम बोला कि अपने किसी परिचित को भी टाल में हिस्सेदार बनाना चाहो तो बना लो तब उसनेे अपने दोस्त आशीष जैन निवासी पुरवा जैन मंदिर के पास थाना गढा को बोला तो वह भी हिस्सेदार बनने तैयार हो गया। शुभम गुप्ता के धोखे में आकर आनलाइन यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस व नगद के माध्यम से करीब 70 लाख रुपये शुभम गुप्ता को दिये।
शुभम को कई बार बोला कि टाल कब खोल रहे हो तो शुभम हमेशा टालमटोली करता रहा। शक होने पर जब पैसे वापस करने की बात की तो वह मुकर गया। व्यवसायियों ने पुलिस को बताया कि शुभम गुप्ता इसी प्रवृत्ति का व्यक्ति है शुभम ने उसके अलावा अन्य भी कई लोगो से धोखाधड़ी कर रुपये हडपे है।
- रंजीत बग्गा निवासी ग्वारीघाट नर्मदा नगर जो बुलेट जोन के नाम से शारदा चौक में दुकान चलाते है। उससे भी बिजनेस में इनवेस्ट करने पर मुनाफा दिलाने के नाम पर करीब 6 लाख रुपये प्राप्त किये है।
- देवांग भेडा निवासी भारत कालोनी से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग में इनवेस्ट करने के नाम पर धोखाधड़ी कर करीब 05 लाख रुपये प्राप्त किये गये।
- सुषमा पाठक को उनके किसी जान पहचान के मोहनीश शर्मा के द्वारा बताने पर शुभम गुप्ता को बिजनेस के नाम पर 02 लाख 31 हजार रुपये दे दिये।
