khabar abhi tak

कोविड काल से बंद इंटरसिटी ट्रेनों का मदन महल से दोबारा संचालन जल्द, प्रस्ताव तैयार


जबलपुर।
शहरवासियों के लिए रेलवे की ओर से एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आ रही है। होली के त्योहार के बाद मदन महल रेलवे स्टेशन से एक साथ तीन महत्वपूर्ण इंटरसिटी ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू किया जा सकता है। ये तीनों ट्रेनें,रीवा इंटरसिटी, सिंगरौली इंटरसिटी और अंबिकापुर इंटरसिटी,फिलहाल जबलपुर के मुख्य रेलवे स्टेशन से संचालित की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि इन ट्रेनों का संचालन पहले भी मदन महल से किया गया था, लेकिन वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण इन्हें बंद कर दिया गया था। अब रेलवे प्रशासन ने पुनः इन ट्रेनों को मदन महल स्टेशन से चलाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।

मुख्य रेलवे स्टेशन पर कम होगा यात्रियों का दबाव

​मदन महल स्टेशन से इन ट्रेनों के संचालन का सबसे बड़ा तकनीकी और व्यावहारिक लाभ यह होगा कि मुख्य रेलवे स्टेशन (जबलपुर जंक्शन) पर यात्रियों का जो भारी दबाव रहता है, उसमें काफी कमी आएगी। इससे स्टेशन प्रबंधन और यात्रियों, दोनों को सुविधा होगी। चूंकि मदन महल रेलवे स्टेशन शहर के बीचों-बीच स्थित है, इसलिए स्थानीय यात्रियों को यहां तक पहुंचना आसान होगा, जिससे उनके समय और अनावश्यक खर्च की बचत होगी। सूत्रों के अनुसार, रीवा शटल को भी मदन महल से चलाने पर विचार किया जा रहा है। इसका सीधा फायदा सिहोरा और कटनी तक प्रतिदिन यात्रा करने वाले सैकड़ों डेली अपडाउनर्स और नौकरीपेशा लोगों को मिलेगा, जिन्हें अब मुख्य स्टेशन तक जाने की मशक्कत नहीं करनी होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak