जबलपुर: महिला से 8 लाख की लूट करने वाले दबोचे गए,माल अब तक नहीं मिला


शादी से लौट रही महिला से 8 लाख के सोने के हार की लूट, पुलिस ने दो 
आरोपियों को पकड़ा

जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंग नगर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ शादी समारोह से लौट रही एक महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो युवकों ने गले से पांच तोला वजनी सोने का हार लूट लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, यादव कॉलोनी निवासी अनिल सोनी अपनी पत्नी मीना सोनी (53) और परिजनों के साथ 7 फरवरी को भोपाल एक विवाह समारोह में गए थे। 9 फरवरी की रात करीब 8 बजे जब वे वापस लौटकर बजरंग नगर में बस से सामान उतार रहे थे, तभी बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने मीना सोनी के गले पर झपट्टा मारा और सोने का हार लूटकर फरार हो गए। लूटे गए हार की कीमत बाजार में करीब 7 से 8 लाख रुपये आंकी गई है।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, कंचनपुर के रहने वाले हैं आरोपी

​वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 15 सीसीटीवी कैमरों के 20 फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की बाइक की मूवमेंट ट्रैक की गई, जो विजयनगर महानड्डा क्षेत्र से पाठ बाबा और वहां से कंचनपुर की ओर जाती पाई गई।तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके निवास क्षेत्र कंचनपुर से धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान स्थापित हो चुकी है और अब उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

माल बरामदगी के प्रयास तेज, शहर में चलेगा विशेष अभियान

​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से लूटे गए पांच तोला सोने के हार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पकड़े गए युवकों से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि शहर में बढ़ती झपट्टामारी (स्नैचिंग) की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जल्द ही एक सघन जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post