ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर स्थित भिंड रोड पर युवकों ने एक रिटायर्ड फौजी को कार के बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक घुमाया। फिर सड़क पर फेंककर भाग गए। घटना बीती देर रात डीडी नगर चौराहे के पास की है।
पुलिस के अनुसारए रिटायर्ड फौजी कल्याण किशोर कांत शर्मा आदित्यपुरम की गणेश कॉलोनी में रहते हैं। रात करीब 01 बजे अपने बहनोई अवधेश शर्मा के साथ प्रेस्टीज कॉलेज की ओर से घर लौट रहे थे। आदित्याज होटल के पास उनकी कार एक अन्य कार से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सवार दो युवक बाहर निकले और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने रिटायर्ड फौजी और उनके बहनोई के साथ मारपीट की। जब मौके पर भीड़ जमा होने लगी तो आरोपी कार लेकर भागने लगे। इस दौरान उन्हें रोकने के प्रयास में रिटायर्ड फौजी कार के सामने खड़े हो गए। आरोपियों ने कार रोकने के बजाय उन्हें टक्कर मार दीए जिससे वे उछलकर कार के बोनट पर गिर पड़े। आरोपी उन्हें बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक ले गए। कुछ दूरी पर जाकर कार को अचानक ब्रेक लगाया, जिसके झटके से रिटायर्ड फौजी सड़क पर गिर पड़े और आरोपी मौके से भाग गए। घटना के बाद पीडि़त ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और रात में महाराजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायल साले-बहनोई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मारपीट के बाद सामने आए वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और कार नंबर के जरिए उनकी तलाश जारी है।