जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन दिवस पर टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम और कबड्डी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। इस दौरान विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता एसपी गुप्ता, विशिष्ट अतिथि डॉक्टर अंजना तिवारी, प्रबंध संचालक सुनील तिवारी एवं नोडल मुख्य अभियंता राजीव अग्रवाल द्वारा पुरस्कृत किया गया।
टेबल टेनिस और शतरंज में खिलाड़ियों उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रतियोगिता के परिणामों में महिला वर्ग की टेबल टेनिस स्पर्धा में रीती शुक्ला ने अंजू नीखरे को सीधे सेटों में हराकर चैंपियनशिप का खिताब जीता। पुरुष टेबल टेनिस डबल्स में तबरेज चौधरी और इकबाल खान की जोड़ी ने हर्ष श्रीवास्तव और विनय परवार की जोड़ी को हराकर जीत दर्ज की। शतरंज के पुरुष वर्ग में मोनीश उइके 5-0 के स्कोर के साथ विजेता बने, जबकि चंद्रकांत श्रीवास्तव दूसरे और रविंद्र पटेल, यदुराज राय, रामनरेश सिंह व नितिन सेन संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। महिला शतरंज में बबिता गजभिये विजेता और अंजू नीखरे रनर्स अप रहीं, वहीं पारिवारिक महिला वर्ग में नेशनल खिलाड़ी सोनिका सुपटकर ने जीत हासिल की। मैदानी मुकाबलों में कबड्डी का खिताब ईएचटी जॉइंट्स जबलपुर ने ट्रांसको सागर को हराकर जीता। रस्साकशी के पुरुष वर्ग में पावर वारियर्स ने टेस्टिंग टाइटंस को पराजित किया। महिलाओं की लेमन रेस में श्रीमती शिरीन अली प्रथम, श्रीमती अल्पना श्रीवास्तव द्वितीय और श्रीमती शालिनी मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं।
