नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में 7 मार्च को होगा भव्य आयोजन,सम्मानित होंगे पूर्व क्षेत्र कंपनी के तीन लाइनमैन

दउआ सिंह 
दशरथ पटैल 
सुरेश कुमार पटैल
जबलपुर। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के तीन समर्पित कर्मचारियों को इस वर्ष 7 मार्च 2026 को नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित होने वाले छठे लाइनमैन दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य और कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए दशरथ पाण्डेय, सुरेश कुमार पटेल और दउआ सिंह का चयन किया गया है। इन कर्मचारियों ने विषम परिस्थितियों में भी विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता और मुख्य महाप्रबंधक संपदा सराफ गुर्जर ने तीनों कर्मचारियों को उनकी दक्ष सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
दशरथ पाण्डेय और सुरेश कुमार पटेल की उपलब्धियां
कटनी में पदस्थ दशरथ पाण्डेय ने अपने 37 वर्षों के अनुभव से 33 केवी और 11 केवी लाइनों के साथ ट्रांसफॉर्मरों के रखरखाव में विशेष कुशलता दिखाई है। उन्होंने तूफान और वर्षा जैसी चुनौतियों के बीच त्वरित सुधार कार्य कर बिजली आपूर्ति बहाल की और वे नए कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी देते हैं। वहीं, सीधी संभाग में कार्यरत सुरेश कुमार पटेल 29 वर्षों से तकनीकी दक्षता और सुरक्षा मानकों के पालन के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने राजस्व संग्रहण और आपदा प्रबंधन में अपनी विशेष पहचान बनाई है।
दउआ सिंह का विशेष योगदान,साहस को सलाम
बुढ़ार उपसंभाग के दउआ सिंह पिछले 30 वर्षों से आठ 33 केवी लाइनों का संधारण कर रहे हैं, जिनमें कोल इंडिया जैसी महत्वपूर्ण लाइनें भी शामिल हैं। उन्होंने रेलवे क्रॉसिंग के कठिन क्षेत्रों में भूमिगत केबल के फॉल्ट सुधारने में सराहनीय साहस दिखाया है।