जबलपुर। संस्कारधानी के रांझी थाना अंतर्गत शोभापुर में पिछले दिनों हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रांझी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही दिनों के भीतर चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने और चांदी के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है।
सूने मकान को बनाया था निशाना, छत्तीसगढ़ गया था परिवार
रांझी थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार गोल्हानी ने बताया कि पीड़ित मार्टिन खाखा, जो कंट्रोल विभाग से सेवानिवृत्त हैं, ने 10 जनवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मार्टिन खाखा अपने परिवार के साथ 18 दिसंबर 2025 को अपने पैतृक गांव जसपुर, छत्तीसगढ़ गए हुए थे। इस दौरान उनका मकान सूना था। 8 जनवरी को जब उनका बेटा अबिनाश खाखा वापस लौटा, तो उसने देखा कि घर के सामने का दरवाजा अंदर से बंद था। जब वह पीछे के हिस्से में गया, तो वहां के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। घर के अंदर प्रवेश करने पर सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात गायब थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से दबोचे गए आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना और संदिग्धों के हुलिए के मिलान के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने 6 जनवरी की दरमियानी रात बाउंड्री वॉल फांदकर घर के पीछे से प्रवेश किया था। आरोपियों ने अपने पास रखे पेंचकस की मदद से दरवाजे का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।
13 लाख का माल बरामद,पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। बरामद सामग्री में सोने की 4 चूड़ियां, 2 नेकलेस, 5 अंगूठियां, 2 कंगन, 5 जोड़ी कान के टॉप्स, 2 चैन, 1 मंगलसूत्र और 1 सोने का क्रॉस शामिल है। इसके अलावा चांदी की 2 जोड़ी पायल, 3 जोड़ी बिछिया और एक चांदी की कटोरी भी जब्त की गई है। कुल जब्त जेवरातों का वजन 8 तोला सोना और आधा किलो चांदी बताया जा रहा है। कार्रवाई में एएसआई मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक पुरूषोत्तम, चन्द्रभान, आरक्षक मनीष, अभिषेक मिश्रा और क्राइम ब्रांच से उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह परिहार, सउनि कैलाश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सत्यसेन, वीरेन्द्र सिंह व सतेन्द्र बिसेन की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि अन्य वारदातों का भी पता लगाया जा सके।
